रियाज अहमद और विभा चौधरी ने रच दिया इतिहास:जीते तिहरे खिताब, रघु सिन्हा आईटीएफ मास्टर्स-400 टेनिस प्रतियोगिता का जयपुर में हुआ समापन

रघु सिन्हा आईटीएफ मास्टर्स 400 टेनिस प्रतियोगिता का समापन जयपुर क्लब के क्ले कोर्ट्स पर रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ भव्य रूप में हुआ। टूर्नामेंट के अंतिम दिन जयपुर के रियाज अहमद और दिल्ली की विभा चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन खिताब अपने नाम कर प्रतियोगिता के सबसे सफल खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। पुरुष 40+ एकल वर्ग के फाइनल में रियाज अहमद ने कड़े मुकाबले में पुनर भसीन को 6-4, 7-5 से पराजित कर खिताब जीता। इसके बाद पुरुष युगल में रियाज ने स्वर्णदीप सिंह डोडी के साथ मिलकर पुनर भसीन और रोहन भसीन की जोड़ी को तीन सेटों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 4–6, 6–2, 10–8 से हराया। मिक्स्ड डबल्स में भी रियाज अहमद ने रानी स्मिता जैन के साथ एलिस जॉय और स्वर्णदीप सिंह डोडी की जोड़ी को 2–6, 6–1, 10–5 से मात देकर अपना तीसरा खिताब पूरा किया। विभा चौधरी का महिला वर्ग में दबदबा महिला वर्ग में दिल्ली की विभा चौधरी ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तिहरा खिताब जीता। महिला 45+ एकल फाइनल में उन्होंने स्मिता रविंद्र को 6–2, 6–1 से हराया। महिला युगल में रानी स्मिता जैन के साथ मिलकर एलिस जॉय और संजना जैन की जोड़ी को 6–3, 6–0 से पराजित किया। मिक्स्ड डबल्स में नरेंद्र सिंह चौधरी के साथ मिलकर विभा चौधरी ने रुचि शर्मा और जगदीश तनवार को 6–4, 2–6, 10–7 से हराकर तीसरा खिताब अपने नाम किया। पुरुष एकल में 45+ वर्ग का खिताब नरेंद्र सिंह चौधरी ने, 50+ में जगदीश तनवार, 55+ में गुरदर्शन रमणा, 60+ में पुनीत गुप्ता और 75+ वर्ग में अजीत पेंढारकर ने जीता। महिला एकल 30+ वर्ग में एलिस जॉय विजेता रहीं।पुरुष युगल और महिला युगल वर्गों में भी विभिन्न आयु वर्गों में कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जयपुर क्लब के अध्यक्ष अजीत सक्सेना रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्लब सचिव हिमांशु सहगल और प्रो. राजीव शर्मा उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, ग्राउंड स्टाफ, बॉल बॉय और चेयर अंपायर्स के व्यवहार की जमकर सराहना की। कई खिलाड़ियों ने इसे देश के सर्वश्रेष्ठ मास्टर्स टेनिस आयोजनों में से एक बताया। क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र गोलछा ने टूर्नामेंट की सफल डिजाइन और व्यवस्थाओं के लिए वरदान सिंह तालेड़ा को सम्मानित किया। रघु सिन्हा माला माथुर ट्रस्ट के ट्रस्टी सुधीर माथुर ने समापन की घोषणा करते हुए सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का आभार जताया। टूर्नामेंट डायरेक्टर प्रदीप जैन ने आईटीएफ मैच रेफरी तेजल कुलकर्णी को टूर्नामेंट के अनुशासित और समयबद्ध संचालन के लिए धन्यवाद दिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 6 विदेशी खिलाड़ियों सहित देश के 22 राज्यों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने आईटीएफ कमेटी में टूर्नामेंट को अगले वर्ष आईटीएफ 700 स्तर तक अपग्रेड कराने के लिए सकारात्मक सुझाव देने का भरोसा भी जताया। समापन समारोह का संचालन ललित सिंह तालेड़ा ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *