रिवर्स कार देख अनियंत्रित हुई बाइक, युवक की मौत:भोपाल के बजरिया इलाके में CCTV में कैद हुआ घटनाक्रम

भोपाल के बजरिया इलाके में स्थित सेमरा कला में रहने वाले युवक की बाइक अचानक रिवर्स कार को देखने के बाद अनियंत्रित हो गई। इससे बाइक स्लिप होने के बाद कार से टकरा गई। चालक सिर में गंभीर चोट आने के बाद घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनाक्रम शनिवार की सुबह का है। हादसे के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शेखर लोधी पुत्र संजू लोधी (19) सेमरा कला का रहने वाला था। वह प्राइवेट कॉलेज से बीएससी फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था। इसी के साथ मंडीदीप की एक फैक्ट्री में जॉब करता था। हर रोज की तरह नौकरी पर जाने के लिए निकला था। घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर उसकी बाइक को कार नंबर एमपी 09 सीए 2588 ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मोहल्ले के युवकों ने घायल को हास्पिटल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान करीब एक घंटे बाद उसकी मौत तो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। परिवार का बड़ा बेटा था शेखर शेखर परिवार का बड़ा बेटा था। उससे छोटा एक भाई है। जिसका नाम शिवम है और वह प्राइवेट स्कूल में पढ़ाई करता है। शिवम स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहा था। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल पहुंचा। जहां उसे भाई की मौत की सूचना मिली। शेखर के पिता ऑटो चालक हैं। इधर पुलिस का कहना है कि कार चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। अचानक रिवर्स कार गली से बाहर निकली। कार सामने देख बाइक चालक ने ब्रेक लगा दिए। इससे बाइक स्लिप होने बाद कार से टकराई। जमानत पर रिहा हुआ कार चालक कार चालक सरोज सिंह ने बताया कि युवक की मौत के बाद वह स्वयं थाने पहुंच गए थे। जहां कार नंबर के आधार पर मेरे खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी मिली। हालांकि, जमानत पर मुझे थाने से ही रिहा कर दिया गया है। हादसा बाइक चालक की गलती से हुआ। मैं कार को रिवर्स कर रहा था। इस दौरान बाइक चालक अपनी गलती से पीछे से मेरी कार में टकराया है। मैने ही उसे 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *