बानसाड़ी पंचायत के लिपदा गांव में मंगलवार देर रात शराब के नशे में धुत बेटे ने मामूली बात पर बुजुर्ग पिता की कुदाल से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई मां को भी घायल कर दिया। घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम गांव में घूमता रहा, जबकि परिवार और ग्रामीणों ने रातों-रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जानकारी के मुताबिक, विनय भुइयां देर रात शराब पीकर घर पहुंचा और पिता बिफैया भुइयां से बहस करने लगा। उसने पिता पर आरोप लगाया कि सौ रुपये रखने के लिए दिए थे, लेकिन वापस नहीं कर रहे। विवाद बढ़ने पर विनय ने पास पड़ी कुदाल उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। शोर सुनकर उसकी बुजुर्ग मां करंती देवी बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उन पर भी वार कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में सिमरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। बुधवार को विनय ने भी कबूल किया कि पैसे न देने पर उसने गुस्से में पिता और मां पर वार किया। उसने खून से सनी कुदाल भी दिखा दी।
इस संबंध में सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि घटना की कोई सूचना थाने में नहीं दी गई है। पुलिस अब ग्रामीणों और परिजनों से जानकारी जुटा रही है। बहू बोली-किसी को बताने पर हत्या की धमकी दी थी
मृतक के समधि और बहू ने बताया कि घटना के समय वे बच्चों के साथ सो रहे थे। शोर सुनकर जब बाहर आए, तब देखा कि विनय कुदाल से पिता पर वार कर रहा था। बहू के अनुसार, विनय ने धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो वह उसे और उसकी सास को भी मार देगा, जिस डर से रातभर किसी को सूचना नहीं दी जा सकी।


