छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में राजस्व प्रकरण के निपटारे के लिए रिश्वत मांगने वाले जैजैपुर तहसीलदार एन.के. सिन्हा को निलंबित कर दिया गया है। बिलासपुर संभाग के कमिश्नर सुनील कुमार जैन ने यह कार्रवाई की है। तहसीलदार सिन्हा ने शिक्षक दिलीप चंद्रा से राजस्व प्रकरण के निराकरण के लिए दो किश्तों में रिश्वत ली। उन्होंने 24 मार्च 2025 को 15,000 रुपए और 26 मार्च को 5,000 रुपए अपने ड्राइवर दुर्गेश सिदार के खाते में मंगवाए। रिश्वत लेने के बाद भी शिक्षक का काम नहीं किया गया। शिक्षक ने तहसीलदार की बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में तहसीलदार का दुर्व्यवहार साफ दिखाई दे रहा है। तहसीलदार ने शिक्षक पर झूठा आरोप लगाकर उसे जेल भी भिजवा दिया था। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने 4 जुलाई को तहसीलदार को नोटिस जारी किया। तहसीलदार का जवाब संतोषजनक नहीं था। कमिश्नर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम के तहत तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, सक्ती रहेगा।


