सिंगरौली जिले के रिहंद डैम में सोमवार दोपहर एक 18 वर्षीय युवक नाव से गिरकर लापता हो गया। युवक की पहचान संतोष कुमार शाह के रूप में हुई है। घटना के बाद से जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। जानकारी के अनुसार, संतोष अपने पांच दोस्तों के साथ बैढ़न थाना क्षेत्र के बलियरी इलाके में स्थित डैम घूमने आया था। सभी दोस्त एक स्थानीय मछुआरे की नाव में सवार होकर डैम के भीतर घूमने निकले थे। नाव जब किनारे से करीब आधा किलोमीटर दूर पहुंच गई, तब संतोष नाव पर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बना रहा था। उसके दोस्त संजय कुमार ने बताया कि संतोष सोशल मीडिया के लिए वीडियो बना रहा था। इसी दौरान नाव चला रहे मछुआरे ने स्टेयरिंग घुमाई, जिससे संतोष का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डैम के पानी में गिर गया। संजय कुमार ने बताया कि उसने संतोष को बचाने के लिए तुरंत पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी की अधिक गहराई के कारण संतोष का हाथ छूट गया और वह कुछ ही पलों में पानी के भीतर समा गया। इसके बाद नाव किनारे पहुंची और दोस्तों ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बैढ़न थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रिहंद डैम में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी है, लेकिन पानी की अत्यधिक गहराई रेस्क्यू अभियान में बाधा बन रही है। संतोष के पिता राम सजीवन शाह ने बताया कि संतोष उनके साथ मिलकर दूध का व्यापार करता था। परिवार में तीन संताने हैं, जिनमें संतोष सबसे छोटा बेटा था। परिजनों के अनुसार संतोष इंस्टाग्राम पर रील बनाने का शौक रखता था और अक्सर जोखिम भरे वीडियो बनाता रहता था। परिजनों का कहना है कि इसी शौक के चलते यह हादसा हुआ।


