रायपुर के मोहबा बाजार इलाके में एक बार फिर से शराब दुकान खोलने की तैयारी को लेकर बवाल मचा हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने मोहबा बाजार की महिलाओं और स्थानीय रहवासियों के साथ मिलकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विकास उपाध्याय का कहना है कि, जिस शराब दुकान को कांग्रेस सरकार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और कॉलोनी की शांति को ध्यान में रखते हुए बंद कराया गया था। अब उसी दुकान को फिर से खोलने की कोशिश BJP सरकार कर रही है। महिलाओं ने जताया आक्रोश, कहा- हमारी गली में नहीं चाहिए दारू दुकान धरने में शामिल महिलाओं ने साफ कहा कि, रिहायशी इलाकों में शराब दुकान खुलने से माहौल बिगड़ता है। बच्चे-बुजुर्ग आते-जाते डरते हैं, शराबियों का जमावड़ा लगता है, हम खुद असुरक्षित महसूस करते हैं। BJP खोल रही नई-नई दुकानें विकास उपाध्याय कहा कि, जो सरकार ‘पूर्ण शराबबंदी’ का वादा कर सत्ता में आई थी, आज वही सरकार जगह-जगह नई शराब दुकानें खोल रही है। क्या यही ‘सुशासन’ है जिसकी बात BJP करती है? शराब दुकान खोलने के नियमों को भी दरकिनार किया जा रहा है। कॉलोनी के बीचों-बीच, जहां महिलाओं और बच्चों की आवाजाही ज्यादा होती है, वहां शराब दुकान खोलना सीधे तौर पर अपराध को बढ़ावा देना है। BJP सरकार पर लगाया ‘कमीशनखोरी’ का आरोप पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि, BJP सरकार नशे को रोकने की बजाय ‘कमीशनखोरी’ में लगी हुई है। स्थानीय विधायक के संरक्षण में रिहायशी इलाकों में दुकानें खोली जा रही हैं। इस तरह की नीतियों से साफ है कि BJP को लोगों की भावनाओं से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस का ऐलान- शराब दुकान के खिलाफ चलेगा आंदोलन उपाध्याय ने साफ कर दिया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। आज की तरह आगे भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे। जब तक मोहबा बाजार की ये शराब दुकान पूरी तरह बंद नहीं हो जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।


