सीकर-जयपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर बालाजी मंदिर की दीवार के पास रुक गई। हादसा रींगस के भैरूजी मोड़ पर सोमवार रात हुआ। प्रत्यक्षदर्शी संतू यादव ने बताया कि सीकर से जयपुर की ओर तेज गति से जा रही कार डिवाइडर से टकराने के बाद बालाजी मंदिर की दीवार के पास जाकर रुक गई। मंदिर की दीवार नहीं होती तो कार पलट सकती थी। तेज धमाके की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। भैरूजी मोड़ श्रीमाधोपुर और जयपुर सहित कई स्थानों से आने-जाने वालों का प्रमुख मार्ग है। घटना के समय मौके पर कोई नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर कार को पुलिस थाना परिसर में खड़ा करवा दिया गया है। मामले की जांच जारी है।


