रीवा कमिश्नर SIR निरीक्षण के लिए सिंगरौली पहुंचे:BLO की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई; बोले- मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने शुक्रवार को सिंगरौली जिले का दौरा किया। उन्होंने यहां चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर गौरव बैनल भी उनके साथ मौजूद रहे। कमिश्नर जामोद ने विधानसभा क्षेत्र सिंगरौली के मतदान केंद्र क्रमांक 165, 166, 167, 168, 169, 170, 174, 175 और 176 का दौरा किया। उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और सुपरवाइजरों से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यह कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का है। इसे निर्वाचन आयोग की ओर से तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना पत्रक प्राप्त किए जाएं और सभी उपलब्ध गणना पत्रकों का समय पर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान बीएलओ की प्रगति कमिश्नर ने नाराजगी जताई निरीक्षण के दौरान कुछ बीएलओ की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय सीमा के अंदर कार्य पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि लापरवाही और ढिलाई किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। कमिश्नर बीएस जामोद ने मतदाता सूची के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची ही मतदान का मूल आधार है और मतदान से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था का वास्तविक स्वरूप निर्मित होता है। इसलिए मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कर उसे परिमार्जित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और त्रुटिरहित सूची तैयार हो सके। इस निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी सिंगरौली सुरेश जाधव, तहसीलदार सविता यादव और अभिषेक यादव सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य को पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हो सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *