रीवा के कांग्रेस विधायक को सता रहा ED का डर:बोले- 24 घंटे में मेरे घर ED की रेड पड़ सकती है; भाजपा बोली- सभी एजेंसियां स्वतंत्र हैं

रीवा जिले से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने मंगलवार देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया है कि उनके घर पर 24 से 48 घंटे के भीतर ED की रेड पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से इनकम टैक्स विभाग लगातार उनके और परिवार की कंपनी के बैंक अकाउंट सीज कर रहा है। मिश्रा ने इसे विपक्ष में होने के कारण उनकी आवाज दबाने की साजिश बताया है। कहा- 10 से 50 करोड़ तक के अकाउंट हो रहे सीज
अभय मिश्रा ने बताया कि उनके परिवार की ‘उदित इंफ्रा’ नाम की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी दबाव में इसी कंपनी के 10 करोड़ से लेकर 50 करोड़ रुपए तक के अकाउंट सीज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “पहले इस कंपनी को मैं चलाता था, जिसे अब मेरा परिवार देखता है।” ‘भ्रष्टाचार उजागर करता हूं, इसलिए दबा रहे आवाज’
कांग्रेस विधायक ने कहा, “मैं अलग-अलग विषयों पर अपनी राय खुलकर रखता हूं और रीवा से जुड़े कई भ्रष्टाचार भी उजागर करता रहता हूं। यही एक कारण है कि अब मेरी आवाज को कुचलने और दबाने की कोशिश की जा रही है।” ‘पहले धमकियां दीं, अब बर्बाद करने की साजिश’
अपने ऊपर हो रही कार्रवाई को उन्होंने डराने और बर्बाद करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा, “पिछले कई दिनों से मुझे धमकियां दी जा रही थीं। जब मैं झुकने को राजी नहीं हुआ तो अब मेरे अकाउंट सीज किए जा रहे हैं और मुझ पर कार्रवाई की जा रही है।” विधायक के मुताबिक पिछले तीन दिन में लगातार 4 से 5 अकाउंट सीज किए गए हैं, जो ED की कार्रवाई के पहले किए जाते हैं। बोले- मैं पीछे नहीं हटूंगा
अभय मिश्रा ने साफ किया कि इस कार्रवाई से वे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं अपनी बात से पीछे नहीं हटने वाला। मैं उसी तरह से अपनी बात को पूरी मजबूती से रखता रहूंगा।” कार्रवाई का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं- जिलाध्यक्ष
वहीं मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता का कहना है कि कांग्रेस विधायक द्वारा लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। अगर इनकम टैक्स विभाग द्वारा इस तरह की कोई कार्रवाई की गई है, तो वह उनका काम है। इस कार्रवाई का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है और न ही इसका डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल से कोई सम्बन्ध है। सभी शासकीय एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्य करती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *