रीवा के बहुचर्चित शिखा कांड में अब पुलिस और पीड़ित आमने-सामने आ गए हैं। पुलिस जहां इस मामले में सिर्फ मारपीट की घटना बता रही है, वहीं पीड़ित रोहित यादव इसे जातिगत दुर्भावना से प्रेरित बता रहा है। पुलिस और पीड़ित दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि इससे पहले सरपंच राहुल सिंह घटना की पुष्टि ऑन कैमरा कर चुके हैं। पूरा मामला रीवा के बैकुंठपुर थाना अंतर्गत मझिगवां गांव में डीजल चोरी के दौरान हुए विवाद से उपजा। जहां रोहित यादव ने दीपक पांडेय नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए। एसडीओपी उमेश प्रजापति के मुताबिक मारपीट की शिकायत पुलिस को मिली थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने शराब के नशे में घटना को अंजाम दिया। हालांकि चोटी उखाड़ने की घटना की पुष्टि अब तक नहीं हुई है, इसकी तस्दीक की जा रही है। दूसरी तरफ पीड़ित रोहित यादव का कहना है कि चोटी उखाड़ने की घटना हुई है। उसने दावा किया कि उसके पास साक्ष्य के तौर पर उसकी चोटी मौजूद है और सिर का अवलोकन करने पर भी निकली हुई चोटी साफ नजर आ सकती है। पुलिस का कहना है कि अब तक मिली मेडिकल रिपोर्ट में चोटी उखाड़ने की पुष्टि नहीं हुई है। एसडीओपी उमेश प्रजापति और थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा के मुताबिक मेडिकल साक्ष्य के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित लगातार अपने आरोप दोहरा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसे नहीं पहचाना, लेकिन बाद में नाम और जाति पूछकर उससे उलझना शुरू किया। खुद को ब्राह्मण बताते हुए उसे छोटी जाति का कहकर अपमानित किया गया और मारपीट के दौरान उसकी चोटी उखाड़ ली गई। थाने में शिकायत करने पर कथित तौर पर चोटी को डस्टबिन में डालने की बात कही गई। इधर पुलिस का कहना है कि चोटी कांड में पीड़ित से उसकी चोटी मांगी गई थी, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। वहीं जानकारी के मुताबिक आरोपी दीपक पांडेय का आपराधिक बैकग्राउंड भी सामने आया है, जिससे मामला और गरमा गया है। बहरहाल, रीवा का यह बहुचर्चित शिखा कांड अभी भी सस्पेंस में है। पुलिस और पीड़ित के दावों के बीच सच क्या है, यह जांच के बाद ही साफ होगा, लेकिन फिलहाल मामला जमकर किरकिरी बटोर रहा है। यह खबर भी पढ़िए…
तुम यादव हो… कहकर 12 इंच लंबी चोटी उखाड़ी मैं ब्राह्मण हूं और तुम यादव हो। तुम्हें चोटी रखने का कोई अधिकार नहीं… कहते हुए उसने मेरी 12 इंच लंबी चोटी उखाड़ दी। ये आरोप रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में रहने वाले रोहित यादव ने एक ब्राह्मण युवक पर लगाए हैं। उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पूरी खबर पढ़ें


