अटल पार्क के संचालन और रखरखाव के लिए नगर निगम की जारी निविदा निरस्त कर दी गई है। इसके साथ ही अधिकतम बोली लगाने वाली कंपनी आराध्य श्रीराम प्राइवेट लिमिटेड को दो साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया है। निगम ने कंपनी की टेंडर डिपॉजिट (EMD) राशि जब्त कर ली है। नगर निगम ने कंपनी प्रतिनिधि अनुपम त्रिपाठी को 17 अक्टूबर और 3 नवंबर 2025 को पत्र भेजे थे, लेकिन कंपनी ने अनुबंध पर हस्ताक्षर नहीं किए। पहले कंपनी ने 5.21 करोड़ रुपए की सर्वाधिक बोली लगाई थी और वर्क ऑर्डर जारी हुआ था, लेकिन नियुक्ति और अनुबंध प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोई कार्यालय में उपस्थित नहीं हुआ। नगर निगम ने कंपनी की उदासीनता और अनुबंध निष्पादित न करने के कारण EMD जब्त, दो साल के लिए ब्लैकलिस्ट और री-टेंडर जारी करने का निर्णय लिया। विभागीय नोटशीट में यह कार्रवाई निविदा की शर्तों की कंडिका 23 के तहत उचित पाई गई। दोबारा निविदा बुलाई जाएगी नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवड़े ने बताया कि जांच के बाद टेंडर निरस्त की प्रक्रिया की गई है। ठेकेदार ने अब तक अनुबंध प्रक्रिया पूरी नहीं की, जिसके चलते निविदा निरस्त करना अनिवार्य हो गया। अब दोबारा से निविदा बुलाई जाएगी।


