रीवा में सोमवार देर रात वीणा–सेमरिया मार्ग पर शाहपुर चौकी क्षेत्र में बाइक सहित नहर में गिरने से दो युवकों की डूबकर मौत हो गई। एक युवक को मौके पर कुछ लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक नहर के तेज पानी में बह गए। कंट्रोल रूम को रात में मिली सूचना हादसे की जानकारी देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को फोन से मिली। जिसके बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से एक युवक को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि अंधेरा और पानी का तेज बहाव होने के कारण बाकी दो युवकों को नहीं निकाला जा सका। सुबह SDRF ने संभाला मोर्चा सूचना के आधार पर आज सुबह एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। उप निरीक्षक विकाश पांडेय के नेतृत्व में टीम ने नहर में सर्चिंग अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ टीम ने नहर से दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। सर्चिंग के दौरान हादसे में शामिल वाहन को भी नहर से बाहर निकाल लिया गया। बाइक को अग्रिम जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, अंधेरे या सड़क की स्थिति के कारण हुआ। वहीं हादसे की खबर लगते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात के समय नहरों और पुलों के आसपास वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


