रीवा में प्रभारी मंत्री प्रह्लाद पटेल ने किया ध्वजारोहण:तिरंगे के साथ गूंजा गणतंत्र का जयघोष, एसएएफ मैदान में भव्य समारोह

रीवा में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पूरे जिले में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह एसएएफ मैदान रीवा में आयोजित हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि पटेल सुबह 8.58 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे और ठीक 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत ध्वज वंदन किया। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। सुबह 9.08 बजे माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया। इसके बाद आकर्षक परेड एवं मार्चपास्ट ने समारोह की शोभा बढ़ाई। सुबह 9.41 बजे शांति और सौहार्द का संदेश देते हुए मुख्य अतिथि ने रंगीन गुब्बारों को मुक्त गगन में छोड़ा और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। 9.45 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों एवं लोकतंत्र के प्रहरियों का सम्मान किया गया। 9.55 बजे मध्यप्रदेश गान का गायन हुआ। समारोह में सुबह 10 बजे से 10.35 बजे तक विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गईं। सुबह 10.40 बजे श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों एवं संस्थाओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन सुबह 11 बजे हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि सुबह 11.30 बजे शासकीय उमावि बदरावं में आयोजित जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर निगम के टाउनहॉल में आयोजित भारत पर्व के अंतर्गत शाम 6 बजे से कवि सम्मेलन होगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर केन्द्रीय जेल में परिरूद्ध अच्छे आचरण वाले आजीवन कारावास के 10 बंदियों को रिहा भी किया जाएगा। पूरे जिले में विभिन्न शासकीय, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गतिविधियों के साथ गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *