बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और एक युवक की बेरहमी से हत्या के विरोध में मंगलवार, 24 दिसंबर को बजरंग दल और हिंदू समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 1 बजे शिल्पी प्लाजा चौराहे के पास ए-ब्लॉक में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए और बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मामला किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज से जुड़ा हुआ है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और इस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान दिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने भगवा झंडे भी लहराए
आशीष सेन ने बताया कि हाल ही में बांग्लादेश में एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाले युवक की उग्र भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि युवक को सड़कों पर घसीटकर पीटा गया और बाद में उसके शव को जला दिया गया। इसी घटना के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान भगवा झंडे लहराए गए और जमकर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पुतला दहन के दौरान पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।


