सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 10 बजे सड़क हादसा हो गया। टनल के पास रॉन्ग साइड से आ रही एक बाइक और बोलेरो वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार रोहित सेन (29), निवासी ग्राम महसाव, जिला रीवा, अपने एक अन्य साथी के साथ बाइस पर सवार होकर टनल के रास्ते रॉन्ग साइड से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रीवा से सीधी की ओर जा रही बोलेरो वाहन (क्रमांक MP53 ZA 6503) से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया हादसे में घायल हुए दोनों बाइक सवार युवकों को मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल संजय गांधी अस्पताल रीवा ले जाया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। रॉन्ग साइड से टनल की ओर आने से हादसा बोलेरो चालक आनंद कुमार शर्मा पिता इंद्रभान शर्मा ने चुरहट थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चेक पोस्ट प्रभारी मोहनिया चक्रधर प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार युवक रॉन्ग साइड से टनल की ओर आ रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके का मुआयना कर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


