रीवा में दूध के बकाया पैसों का हिसाब मांगने पर एक डेयरी संचालक और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मछरिहा गेट के पास स्थित गोकुल डेयरी में हुई इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित विजय यादव, जो गोकुल डेयरी का संचालन करते हैं, ने बताया कि उन्होंने अपने ग्राहक राजा द्विवेदी को फोन कर दूध के बकाया पैसों का हिसाब करने की बात कही थी। विजय यादव के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर राजा द्विवेदी अपने भतीजे शिवम द्विवेदी और कुछ अन्य लोगों के साथ उनकी डेयरी पर पहुंचा। विजय यादव का कहना है कि डेयरी पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद लोहे के कड़े व लात-घूंसों से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित के भाई संजय यादव ने बताया कि जब उन्होंने विजय यादव को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। संजय यादव के मुताबिक, हमलावरों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद मौके से चले गए। पीड़ितों का कहना है कि पूरी घटना किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में कई लोगों द्वारा डेयरी संचालक और उसके भाई के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


