रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात एजी कॉलेज तिराहा पर तेज रफ्तार मिनी ट्रक और सामने से आ रही ब्रेजा कार में जोरदार टक्कर हुई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार ड्राइवर और उनकी मासूम बच्ची को हल्की चोटें आई हैं। एयरबैग खुल जाने का कारण सब सुरक्षित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिनी ट्रक तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चला जा रहा था। इसी दौरान ब्रेजा कार से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी और यातायात प्रभावित रहा। फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके। लापरवाही के कारण हुआ हादसा पुलिस ने प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना है। हादसे में ब्रेजा कार को भारी नुकसान हुआ, जबकि मिनी ट्रक को आंशिक क्षति पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोग बताते हैं कि एजी कॉलेज तिराहा पर देर रात भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। उन्होंने प्रशासन से इस व्यस्त चौराहे पर रफ्तार नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


