रीवा में मैजिक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत:पिता-पुत्री की मौत, तीन घायल; सीधी जा रहा था परिवार, ड्राइवर गिरफ्तार

रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात मैजिक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा लक्ष्मणपुर चौकी अंतर्गत लौवा बाजार में हुआ, जहां बैकुंठपुर के डेल्ही गांव का विश्वकर्मा परिवार बाइक से सीधी की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 5 साल की मासूम की मौके पर ही जान चली गई, वहीं 34 वर्षीय पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मैजिक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। रीवा से लालगांव जा रही थी मैजिक घटना रविवार देर रात करीब 2 बजे की है। बाइक सवार सुनील विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ सीधी की तरफ जा रहे थे। वहीं, ऑटो मैजिक रीवा से लालगांव की ओर जा रही थी। लौवा बाजार के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पांचों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अस्पताल में पिता ने तोड़ा दम हादसे की सूचना मिलते ही सगरा पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने 5 वर्षीय इसिका विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, इलाज के दौरान पिता सुनील विश्वकर्मा (34) की भी जान चली गई। तीन अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। चालक गिरफ्तार, जांच जारी पुलिस ने मौके से मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *