रीवा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेमरिया तहसील के शाहपुर सर्किल में पदस्थ राजस्व निरीक्षक रामकृपाल रावत को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार आरोपी आरआई रामकृपाल रावत ने फरियादी इंद्रमणि शुक्ला से भूमि सीमांकन कराने के एवज में 5 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। सौदे के तहत आरोपी पहले ही फरियादी से 2 हजार रुपए एडवांस के तौर पर ले चुका था, जबकि शेष 3 हजार रुपए की मांग वह लगातार कर रहा था। लोकायुक्त टीम रीवा ने किसान की शिकायत पर की कार्रवाई
रिश्वत की मांग से परेशान होकर फरियादी इंद्रमणि शुक्ला ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी राजस्व निरीक्षक रामकृपाल रावत ने फरियादी से शेष 3 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लिए, लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। केमिकल परीक्षण में भी आरोपी के हाथों पर रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। वहीं दूसरी तरफ आम जनता से जुड़े कार्यों—जैसे भूमि सीमांकन, नामांतरण और खसरा सुधार में रिश्वतखोरी को लेकर एक बार फिर अफसरों पर सवाल खड़े हो गए हैं।


