रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से परेशान एक लाइब्रेरी संचालक ने आखिरकार खुद ही चोर को पकड़ लिया। दरअसल, लाइब्रेरी संचालक अनुराग शुक्ला के पुस्तकालय की पार्किंग से लगातार साइकिल और बाइक चोरी हो रही थी। पुलिस को कई बार सूचना देने के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई, तो उसने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की और खुद ही उसे पकड़ने निकल पड़ा। अनुराग ने चोर को कबड्डी मोहल्ले के पास से चोरी की गई साइकिल के साथ पकड़ा और उसे थाने ले जाने की कोशिश की। लेकिन चोर थाने जाने को तैयार नहीं हुआ, जिससे दोनों के बीच हाथापाई और विवाद की स्थिति बन गई। काफी मशक्कत के बाद अनुराग ने चोर को बेल्ट पकड़कर थाने तक पहुंचाया, लेकिन थाने की बाउंड्री के पास पहुंचते ही चोर भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद थाने के सामने हाई वोल्टेज ड्रामा चला, जिसे देखकर फरियादियों की भी हंसी छूट गई। चोरी की घटना से तंग था लाइब्रेरी संचालक
सिविल लाइन थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम सौरभ नामदेव है, जो रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा गया है और मामले की जांच की जा रही है। अनुराग शुक्ला ने बताया कि चोरी की घटनाओं से तंग आकर उसने खुद ही चोर को पकड़ने का फैसला किया। उन्होंने पुलिस से ऐसे चोरों पर सख्त निगरानी रखने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।


