रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में छात्र गुटों के बीच शुरू हुआ टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। हॉस्टल से शुरू हुई मारपीट की आग पहले संजय गांधी अस्पताल पहुंची और फिर देर रात द्वारिका नगर तक फैल गई। हॉस्टलर और डे स्कॉलर छात्रों के बीच हुई इस झड़प में कई छात्र घायल हुए हैं। मामला सोमवार का है। आज इसका वीडियो सामने आया है। घायल छात्रों की शिकायत पर अमहिया थाना पुलिस ने 28 मेडिकल छात्रों को नामजद आरोपी बनाते हुए मारपीट, उत्पात और शांति भंग करने की धाराओं में अपराध दर्ज किया है। डे स्कॉलर छात्र के घर पहुंचकर मारपीट
सोमवार दोपहर श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के दो छात्र गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। विवाद के बाद घायल छात्रों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसी बीच हॉस्टल में रहने वाले छात्र वहां से भाग निकले। मामला यहीं नहीं रुका। देर रात हॉस्टलर छात्रों का एक समूह द्वारिका नगर स्थित डे स्कॉलर छात्र के घर जा पहुंचा। यहां जमकर उत्पात मचाया गया और डे स्कॉलर छात्र के साथ मारपीट की गई। सभी के हाथ में लाठी डंडे थे। जो एक-दूसरे पर बरसाए। घटना की सूचना मिलते ही अमहिया पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी छात्र फरार हो गए। मंगलवार दोपहर इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रों के बीच मारपीट और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल और अस्पताल में हुए विवाद के बाद कुछ छात्र द्वारिका नगर पहुंचे थे, जहां मारपीट की घटना हुई। पीड़ित की शिकायत पर 28 छात्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रों के बीच टकराव की मुख्य वजह जीटी (ग्रुप/आंतरिक विवाद) को लेकर चली आ रही रंजिश बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अन्य पहलुओं पर भी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी गई है। यह खबर भी पढ़ें
रैगिंग पर बवाल…छात्रों ने एक-दूसरे को लाठी-डंडे, बेल्ट से पीटा रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में रैगिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। यूजी हॉस्टल से शुरू हुई मारपीट संजय गांधी अस्पताल की इमरजेंसी तक पहुंच गई, जहां गंभीर मरीजों और उनके परिजनों के बीच छात्रों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के वीडियो सोमवार रात सामने आए हैं। पूरी खबर पढ़ें


