महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए रुद्रसागर पर पैदल पुल सम्राट अशोक सेतू का प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को लोकार्पण किया। 22.5 करोड़ रुपए की लागत से बना यह पुल इस सयम लाइटिंग से जगमगा रहा है। नया मार्ग खुलने के बाद श्रद्धालु शक्ति पथ से सीधे पैदल मानसरोवर पहुंच सकेंगे। इस पुल से जयसिंहपुरा, हरसिद्धि माता मंदिर, नृसिंह घाट से आने वाले दर्शनार्थी सीधे शक्ति पथ से महाकाल दर्शन के लिए पहुंच सकेंगे। भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी उज्जैन स्मार्ट सिटी के सीईओ संदीप शिवा के अनुसार पैदल पुल के निर्माण के बाद भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी। श्रद्धालु चारधाम मार्ग, जयसिंहपुरा से सीधे मानसरोवर द्वार यानी महाकाल लोक में पहुंच सकेंगे। वर्तमान में उन्हें मानसरोवर द्वार तक पहुंचने के लिए हरसिद्धि माता मंदिर से बड़ा गणेश मंदिर के सामने होकर महाकाल लोक में आना पड़ रहा है। लाइट एंड साउंड शो भी देख सकेंगे पुल से भक्त लाइट एंड साउंड शो का आनंद भी ले सकेंगे। शो के माध्यम से वे शिव महापुराण के सजीव दर्शन कर सकेंगे। शुरू होने के बाद पुल के बीच में से शो का आनंद लेना अलग ही अनुभूति होगी।


