भिलाई | रिसाली निगम की टीम ने रूआबांधा सब्जी मार्केट में हो रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई की। साथ ही नागरिकों और फुटकर व्यापारियों को आगाह किया कि बिना अनुमति निर्माण न किया जाए। आयुक्त मोनिका वर्मा रोज की तरह सोमवार की सुबह वार्ड भ्रमण करते हुए रूआबांधा सब्जी मार्केट पहुंचीं। यहां पर नवरात्र की तैयारियां हो रही है। निगम के अमले को देखकर मजदूर काम बंद कर इधर-उधर हो गए। पता चला कि कुछ लोग खाली जमीन पर अतिक्रमण कर रहे हैं। मौके पर आयुक्त ने तत्काल निर्माण को तोड़ा। आयुक्त ने मुख्य बाजार और सड़क किनारे दुकान चलाने वाले व्यापारियों को आगाह किया है कि वे सामान को दुकान के सामने सड़क की जमीन पर न रखे। चेतावनी के बाद भी सामान रखे पाए जाने पर उसे जब्त किया जाएगा। आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि खाली जमीन देखकर उस पर अतिक्रमण न करें।


