रूस ने अमेरिकी स्कूल टीचर मार्क फोगेल को रिहा किया:बैग में 17 ग्राम गांजा मिला था, 43 महीने से मॉस्को की जेल में थे

रूस ने अमेरिकी स्कूल टीचर मार्क फोगेल को रिहा कर दिया है। CNN के मुताबिक वे 43 महीने से कैद थे। अमेरिका और रूस के बीच फोगेल की रिहाई को लेकर समझौता हुआ है। फोगेल को अगस्त 2021 में मारिजुआना (गांजा) रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। रूसी कोर्ट ने फोगेल को साल 2022 में 14 साल की सजा सुनाई थी। अमेरिकी NSA माइक वाल्ट्ज ने कहा कि यह समझौता यूक्रेन में जंग खत्म करने को लेकर हो रही बातचीत का परिणाम है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि रूस को फोगेल की रिहाई के बदले क्या ऑफर किया गया है। NSA वाल्ट्ज ने कहा कि मार्क फोगेल, स्टीव विटकॉफ के साथ रूस से निकल चुके हैं। वे मंगलवार रात (भारतीय समय के मुताबिक बुधवार दोपहर) तक अमेरिका पहुंच जाएंगे। फोगेल की रिहाई को लेकर व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा- यह रूस की तरफ से सद्भभावना का प्रदर्शन है और इससे पता चलता है कि हम यूक्रेन जंग को खत्म करने की सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आज रात तक फोगेल अमेरिकी धरती पर होंगे और अपने परिवार के लोगों के साथ फिर से मिलेंगे। फोगेल को वापस लाने प्राइवेट जेट से रूस पहुंचे विटकॉफ
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक ट्रम्प प्रशासन में मिडिल ईस्ट के विशेष राजदूत स्टीव विटकॉफ, फोगेल की रिहाई के लिए गुप्त रूप से बातचीत कर रहे थे। वे अपने प्राइवेट जेट से मॉस्को पहुंचे थे, जिसे ऑनलाइन फ्लाइट ट्रैकर्स ने ट्रैक कर लिया था। इसके बाद विटकॉफ के रूस पहुंचने की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। रूस जंग शुरू होने के बाद आधिकारिक तौर पर यह पहली बार है, जब किसी अमेरिकी अधिकारी ने रूस की यात्रा की है। इससे पहले नवंबर 2021 में तत्कालीन CIA चीफ विलियम बर्न्स ने मॉस्को का दौरा किया था। वे यूक्रेन जंग को रोकने के लिए वहां गए थे। फोगेल पर ड्रग्स की तस्करी का आरोप
61 साल के मार्क फोगेल रूस की राजधानी मॉस्को एक एंग्लो-अमेरिकन स्कूल में अमेरिकी राजनयिकों के बच्चों को लगभग 10 सालों से इतिहास पढ़ा रहे थे। उन्हें अगस्त 2021 में मॉस्को एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। उनके बैग से 17 ग्राम गांजा मिला था। रूसी पुलिस ने उन पर ड्रग्स की तस्करी का आरोप लगाया था। हालांकि फोगेल के बचाव में उनके वकील और परिवार ने दलील दी थी कि वे रीढ़ की हड्डी में दर्द की समस्या थी। डॉक्टर ने दर्द का असर कम के लिए उन्हें गांजे का इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। फोगेल की सजा के बाद अमेरिका ने कहा था कि उन्हें गलत तरीके से हिरासत में लिया गया है। इसके बाद फोगेल की सजा के खिलाफ रूसी अदालत में कई अपीलें दायर की गईं लेकिन वे सभी ठुकरा दी गईं। अमेरिकी सरकार ने रूसी सरकार से फोगेल की ज्यादा उम्र और उनकी पुरानी पीठ दर्द को लेकर उन्हें मानवीय आधार पर रिहा करने की अपील की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *