जिला रेडक्रास सोसायटी सरगुजा के लिए गुरूवार को चुनाव के दौरान भाजपा समर्थित नेताओं ने जमकर हंगामा किया। रेडक्रास सोसायटी के वर्तमान संगठन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर जमकर हंगामा करते हुए चुनाव को निरस्त करने की मांग की गई। प्रशासन ने अंततः कानून व्यवस्था का हवाला देकर चुनाव को आगामी आदेश तक के लिए निरस्त कर दिया। इससे भड़के कांग्रेसियों ने निर्वाचन अधिकारी को चुड़ियां दिखाईं और चूड़ियां पहनने की सलाह दी। गुरूवार को जिला रेडक्रास सोसायटी के प्रबंध समिति के नए चेयरमैन, वाईस चेयरमैन व कोषाध्यक्ष सहित राज्य प्रबंधन समिति के सदस्यों का चुनाव जिला पंचायत के सभाकक्ष में निर्धारित किया गया था। जिला रेडक्रास सोसायटी के वर्तमान चेयरमैन आदित्येश्वर शरण सिंहदेव एक बार फिर से चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवार थे। चुनाव के लिए पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव सहित रेडक्रास के सदस्य भी जिला पंचायत सभाकक्ष पहुंचे थे। भाजपाइयों का हंगामा, स्थगित हुआ चुनाव
सुबह 11.30 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही भाजपा समर्थित नेता और सदस्य बड़ी संख्या में जिला पंचायत के सभाकक्ष में घुस गए और जमकर हंगामा किया। रेडक्रास सोसायटी के वर्तमान संगठन पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और आय-व्यय का हिसाब भी मांगते हुए चुनाव प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की। हंगामें को रोकने की कोशिश भी हुई, लेकिन पुलिसकर्मी एवं अधिकारियों के साथ धक्कामुक्की भी हुई। हंगामें के बीच प्रशासनिक अमले ने हंगामें की सूचना कलेक्टर को दी और कलेक्टर ने चुनाव प्रक्रिया को स्थगित करने के लिए कहा। इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस वापस चले गए। हगांमा करने वालों ने चुनाव के लिए तैयार दस्तावेज भी फाड़ दिए। भाजपाइयों ने कहा-नहीं बनने दिया सदस्य
भाजपा के जिला सह कोषाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि रेडक्रास की सदस्यता के लिए करीब 500 लोगों की सूची दी गई थी। डीपीएम ने कहा कि शाम को रसीद कटवा लीजिएगा। 14, 15, 16 दिसंबर को को डीपीएम से संपर्क किया। करीब 20 से 22 सदस्यों की रसीद भाजपाईयों की कटी, बाकि सभी रसीद कांग्रेसियों की कटी। पक्षपातपूर्ण रवैया बना रहे हैं। कलेक्टर के समक्ष भी आपत्ति की थी, लेकिन डीपीएम झूठ बोल रहे हैं। चुनाव पारदर्शी हो। इसलिए हमने चुनाव प्रक्रिया स्थगित करने की मांग की। कांग्रेसी बोले- शर्मनाक हैै चुनाव का स्थगित करना
रेडक्रास सोसायटी के प्रबंध समिति के चेयरमैन एवं कांग्रेस नेता आदितेश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि रेडक्रास का चुनाव था। रेडक्रास के मेंबर्स को आमंत्रित किया गया था। जो लोग रेडक्रास के सदस्य नहीं थे, वे किस अधिकार से सभाकक्ष में घुसे, नारेबाजी की। किस अधिकार से उन्होंने रिटर्निंग आफिसर पर दबाव बनाया, कागज फाड़े। हमें बताया गया कि हम शांति नहीं बना पाए, इसलिए चुनाव स्थगित कर रहे हैं। हम मांग कर रहे हैं कि जिन लोगों ने हंगामा किया एवं कानून व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ा, जिला प्रशासन उनपर FIR जरूर करे। जिला प्रशासन जिला पंचायत सभाकक्ष में कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं बना पाया, यह शर्मनाक है। कांग्रेसियों का कब्जा, इसलिए हंगामा
रेडक्रास सोसायटी के सदस्यों की संख्या में कांग्रेसियों का बहुमत है। भाजपाइयों ने रेडक्रास में फिर से कांग्रेसियों का कब्जा होने की आशंका को देखते हुए जमकर हंगामा किया और चुनाव स्थगित करा दिया। हंगामें के बाद चुनाव स्थगित किया गया तो कांग्रेसियों ने अधिकारियों को चूडियां दिखाई और चूड़ियां पहनने की सलाह दी।


