लुधियाना| जवाहर नगर कैंप में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। दो दिन पहले डीजीपी और पुलिस कमिश्नर की अगुवाई में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने पूरे इलाके में सघन रेड कर घर-घर तलाशी ली थी। इस दौरान कुछ लोगों से नशा भी बरामद किया गया था, लेकिन कार्रवाई के महज दो दिन बाद ही इलाके में फिर से नशे की बिक्री शुरू हो गई है। इससे नाराज मोहल्ले के लोगों ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि नशा तस्कर खुलेआम इलाके में नशा बेच रहे हैं। जब मोहल्ले के लोग इसका विरोध करते हैं तो तस्कर तेजधार हथियार लेकर हमला करने पर उतर आते हैं और धमकियां देते हैं। लोगों ने पुलिस और प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर नशे का कारोबार बंद नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में सड़क पर बैठकर धरना दिया जाएगा। इलाका निवासी ने बताया कि हमारे इलाके में सरेआम नशा बिकता है। पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती है। सीपी को सौंपा शिकायती पत्र: जवाहर नगर कैंप के वाल्मीकि मोहल्ले और आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने नशा बेचने वालों के नाम और ठिकानों की जानकारी पुलिस कमिश्नर को लिखित रूप में दी है। उनका आरोप है कि वाल्मीकि मोहल्ले में चार ऐसे घर हैं, जहां सरेआम नशा बेचा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इन लोगों का कोई वैध कामकाज नहीं है, इसके बावजूद इनके मकान आलीशान बने हुए हैं। उन्होंने मांग की है कि ऐसे लोगों की संपत्ति और आय की गहन जांच की जाए। पांच महीनों में पांच मौतें: स्थानीय निवासियों के अनुसार जवाहर नगर कैंप में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है। पिछले पांच महीनों में नशे के कारण पांच लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस की रेड और कार्रवाई के बावजूद कुछ तस्कर बेखौफ होकर नशा बेच रहे हैं। थाना डिवीजन नंबर पांच की एसएचओ इंस्पेक्टर मधुबाला ने बताया कि इलाके में लगातार रेड की जा रही है। दो दिन पहले बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई थी और जैसे ही सूचना मिलती है, तुरंत छापेमारी कर कार्रवाई की जाती है।


