रेड के बाद बोले बघेल-33 लाख रुपए ले गई ED:मंतूराम केस की पेनड्राइव, कुछ दस्तावेज भी ले गए; कल कांग्रेस का प्रदेशभर में प्रदर्शन

सोमवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल के घर ED ने छापेमारी की। यह जांच करीब 10 घंटे तक चली। टीम के जाने के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि, 32-33 लाख रुपए और दस्तावेज टीम ले गई है। इसमें मंतूराम केस की पेनड्राइव भी है। करीब सुबह 8 बजे भूपेश और उनके बेटे चैतन्य के भिलाई-3 पदुमनगर स्थित घर पर चार गाड़ियों में ED की टीम पहुंची थी। दोपहर में कार्रवाई के बीच नोट गिनने और सोना जांचने की मशीनें भी मंगाई गई। इस बीच ED की कार पर बाहर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। कार्यकर्ताओं और पुलिस की झड़प भी हुई। अब कल कांग्रेस प्रदेशभर में ED की कार्रवाई के विरोध में भाजपा और ईडी का पुतला दहन करेगी। भूपेश बघेल ने सिलसिलेवार बताया क्या हुआ- मैं अखबार पढ़ रहा था और चाय पी रहा था, तभी ईडी की टीम आई। मैंने उनसे कहा कि, उनका स्वागत है। मैं तो महीनों और सालों से उनका इंतजार कर रहा था। मेरी पत्नी, तीन बेटियां, बेटा, बहू, पोते और पोतियां यहां रहते हैं। हम खेती करते हैं। इस संयुक्त परिवार में हम 140 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। हमारे पास वही था जो हमने घोषित किया था। उन्होंने इसकी जांच की। अलग-अलग लोगों से 33 लाख रुपए नकद मिले, मेरी पत्नी, बेटे, बहू और बेटियों से। हम खेती भी करते हैं और डेयरी भी चलाते हैं। इसमें स्त्रीधन भी शामिल है। ऐसा माहौल बनाया गया कि नोट गिनने वाली मशीनें लाई गई, मुझे नहीं लगता कि यह बहुत बड़ी रकम है। यह साफ है कि अब विधानसभा में सवाल पूछना अपराध हो गया है। कवासी लखमा ने सवाल पूछे और ईडी 8 बजे के भीतर उनके आवास पर थी 8 दिन में ही जेल हो गई। मैंने विजय शर्मा से गरीबों के लिए आवास के बारे में पूछा। चौथे दिन वे (ईडी) मेरे आवास पर आ गए। कार्रवाई और बवाल की तस्वीरें देखिए- 14 जगहों पर छापे पड़े चैतन्य बघेल से जुड़े कई ठिकानों समेत 14 जगहों पर छापे पड़े हैं। 2100 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में चैतन्य बघेल को भी लाभ पहुंचाने का दावा किया गया है। चैतन्य के करीबी और सहयोगी लक्ष्मीनारायण बंसल और ​पप्पू बंसल के ठिकानों पर भी कार्रवाई हुई है। इसके अलावा भिलाई के नेहरू नगर में मनोज राजपूत, चरोदा में अभिषेक ठाकुर और संदीप सिंह, कमल अग्रवाल किशोर राइस मिल दुर्ग, सुनील अग्रवाल सहेली ज्वेलर्स दुर्ग और बिल्डर अजय चौहान के यहां भी ED की कार्रवाई हुई। भूपेश के घर के बाहर समर्थकों की भीड़, कार्रवाई का विरोध जांच के दौरान भिलाई के पदुमनगर स्थित भूपेश बघेल के घर के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक प्रदेश के गृहमंत्री सवालों से घिरे हुए हैं, विधानसभा में सवालों का कोई जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए भूपेश बघेल के खिलाफ ED का दुरुपयोग कर रहे हैं। भूपेश बघेल समर्थकों को लेकर कहा कि, यहां पहुंचे और मेरा समर्थन करने के लिए सभी का धन्यवाद। मलकीत गैदू से जब पूछताछ हो रही थी तब मैंने कहा था कि, अगला घर किसी का भी हो सकता है, देखिए अगला नंबर मेरा ही हो गया। ऐसे में सभी को एकजुट होकर ही ये लड़ाई लड़नी है। ईडी की कार्रवाई पर कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा पढ़िए- छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा- ED का छापा केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध को उजागर करता है। भाजपा ED, CBI जैसी एजेंसियों को विपक्ष के नेताओं को डराने और दबाने के लिए इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा- आज जब संसद का सत्र शुरू हो रहा है, चारों तरफ से घिरी हुई भाजपा ने हेडलाइन बदलने के लिए, देश का ध्यान टैरिफ, गिरती हुई अर्थव्यवस्था, वोटर्स लिस्ट फ्रॉड से भटकाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर ED की रेड करवा दी। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा- सभी कांग्रेसजन भूपेश बघेल के साथ हैं और इससे डरने वाले नहीं हैं। बापू के मार्गदर्शन सत्य अहिंसा को मानने वाले लोग हैं, इस संघर्ष को परास्त करके रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा- भाजपा की राजनीति अब जांच एजेंसियों के सहारे चल रही है। 7 साल पुराने झूठे केस को कोर्ट ने खारिज कर दिया, तो अब दुर्भावना से ईडी को मोहरा बना दिया गया। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा- ईडी की कार्रवाई लोकतंत्र की सीधी हत्या है और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश है। हम सब एकजुट होकर इस लोकतांत्रिक लड़ाई को लड़ेंगे। पूर्व सीएम के सलाहकार विनोद वर्मा ने कहा- भूपेश बघेल पंजाब के प्रभारी बनाए गए हैं। वहां उनका जिस तरह स्वागत हुआ है, उनकी धमक से भाजपा डरी हुई है। अब जानिए बीजेपी नेताओं ने इस पर क्या कहा- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- सभी जानते हैं कि कांग्रेस की सरकार में कई घोटाले हुए थे। इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी कर रही हैं। ED की जांच चल रही है और इसमें प्रदेश का कोई दखल नहीं है। डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा- इस बात से कोई कैसे इनकार कर सकता है कि भूपेश बघेल के कार्यकाल में बड़े घोटाले हुए हैं? ईडी की कार्रवाई लंबे समय से चल रही है। ऐसा नहीं है कि आज अचानक कोई कार्रवाई की गई है। अब समझिए क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। दर्ज FIR में 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है। ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के MD एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था। A, B और C कैटेगरी में बांटकर किया गया घोटाला A: डिस्टलरी संचालकों से कमीशन B: नकली होलोग्राम वाली शराब को सरकारी दुकानों से बिकवाना C: डिस्टलरीज के सप्लाई एरिया को कम/ज्यादा कर अवैध धन उगाही करना ——————————————– शराब घोटाले और ईडी की कार्रवाई से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… 1. भूपेश पर ED के एक्शन पर कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन:सदन में भाजपा के खिलाफ नारेबाजी, गर्भ-गृह पहुंचने पर सस्पेंड; गांधी प्रतिमा के पास धरना छत्तीसगढ़ विधानसभा में भूपेश बघेल पर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गर्भगृह तक पहुंचने पर विपक्ष के सदस्यों को सस्पेंड कर दिया गया। विरोध में सदन से बाहर निकलकर कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे रहे। जिसके बाद सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। पढ़ें पूरी खबर​​​​​​​

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *