देवास जिले के नर्मदा घाटों से बालू रेत के लगातार अवैध उत्खनन, अवैध भंडारण और अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं। जिस पर गुरुवार को माइनिंग विभाग ने खातेगांव-कन्नौद क्षेत्र में 3 अलग-अलग कार्रवाईयां की। खनिज अधिकारी रश्मि पांडे, सहायक खनिज अधिकारी राजकुमार वराठे, खनिज निरीक्षक गणेश विश्वकर्मा और खनिज टीम की टीम ने खनिज के अवैध उत्खनन-परिवहन पर तुरनाल घाट से 1 जेसीबी मशीन, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना नेमावर की अभिरक्षा में खड़े किए गए। सतवास मार्ग से 4 ट्रैक्टर–ट्रॉली जब्त कर थाना सतवास और कन्नौद बिजवाड़ क्षेत्र से 1 डम्पर को जब्त कर थाना कन्नौद की अभिरक्षा में खड़ा किया गया। खनिज अधिकारी ने बताया कि इनके खिलाफ खनिज नियमों के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। जुर्माना वसूली की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, अवैध भंडारण और अवैध परिवहन के मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।


