सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर खनिज-पुलिस के संयुक्त दल ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को गोपदबनास और बहरी तहसीलों के विभिन्न नदी घाटों का सघन निरीक्षण किया गया, जिसमें तीन वाहन जब्त किए गए। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश और एसपी संतोष कोरी के मार्गदर्शन में जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। दल ने पिपरोहर, रामडीह, मयापुर, बहरी, डोल, बरपान, पोड़ी और सिरसी सहित कई नदी घाटों का दौरा किया। जांच में अवैध उत्खनन कर रेत का अवैध भंडारण मिला निरीक्षण के दौरान ग्राम डोल, तहसील बहरी में गोपद नदी से अवैध उत्खनन कर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। मौके से संग्रहित रेत जब्त की गई और टाटा 912 क्रमांक UP64AT3385 वाहन को जब्त कर थाना बहरी परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। इसी क्रम में, ग्राम बरमबाबा क्षेत्र में बिना नंबर के एक हाइवा वाहन को खनिज रेत का अनाधिकृत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसे नियमानुसार जब्त कर थाना प्रभारी कोतवाली की अभिरक्षा में सौंपा गया। इसके अतिरिक्त, मड़रिया बायपास पेट्रोल पंप के पास वाहनों से कटिंग कर अवैध व्यापार की शिकायतों की जांच के दौरान, अवैध रूप से भंडारित रेत लोड करते हुए टाटा 407 क्रमांक MP53GA3511 वाहन को भी जब्त कर थाना प्रभारी कोतवाली को सुपुर्द किया गया। वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ मामला दर्ज जब्त किए गए सभी वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। दंडात्मक कार्रवाई के लिए इन्हें कलेक्टर और जिला दण्डाधिकारी सीधी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जिन वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं थी, उनके संबंध में जिला परिवहन अधिकारी को अलग से पत्र भेजकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। भ्रमण के दौरान ग्राम पिपरोहर में भी विभिन्न स्थानों पर खनिज रेत के ढेर पाए गए हैं। अवैध भंडारणकर्ताओं की पहचान की जा रही है और पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


