पन्ना जिले में अवैध नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी क्रम में शनिवार को रेपुरा थाना पुलिस ने ग्राम बघवारकला में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से करीब 62,000 रुपये मूल्य की 86.22 लीटर शराब बरामद की। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान और एसडीओपी पवई भावना दांगी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत, थाना रेपुरा को मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि ग्राम बघवारकला में एक व्यक्ति अवैध शराब का बड़ा जखीरा छिपाकर बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने एक टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बघवारकला निवासी 30 वर्षीय राजकुमार राय के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से 09 पेटी अंग्रेजी गोवा व्हिस्की (450 क्वार्टर) और एक बोरी में रखे 29 क्वार्टर शराब मिली। कुल 479 क्वार्टर, यानी लगभग 86.22 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 62,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी राजकुमार राय को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पवई के समक्ष पेश कर दिया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष सिंह यादव, सउनि यशवंत सिंह, हवलदार बाबू सिंह, मुबीन अहमद, चांदनी जैन, रवि खरे, आरक्षक अभिषेक वर्धन, राजेश पटेल, राहुल सिंह, द्वारका अहिरवार, अतुल मेहरा और महिला आरक्षक रश्मि गौर का विशेष योगदान रहा।


