नर्मदापुरम में एकतरफा प्यार के जुनून ने एक हंसती-खेलती 17 वर्षीय कॉलेज छात्रा की जान ले ली। आरोपी ने पहले छात्रा के साथ नर्मदा किनारे दरिंदगी की। फिर गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नदी में बहा दिया। पुलिस ने आरोपी आकाश सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी आकाश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था। 10-12 दिन से छात्रा ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था, जिससे वह गुस्से में था। बदला लेने की नीयत से उसने 28 दिसंबर की रात छात्रा को आखिरी बार मिलने के बहाने बुलाया और बहला-फुसलाकर बुधनी रोड स्थित नर्मदा पुल के नीचे खर्राघाट ले गया। रेप के बाद गला दबाकर की हत्या
आरोपी ने एकांत का फायदा उठाकर पहले नाबालिग के साथ रेप किया। इसके बाद छात्रा पहचान न ले और पकड़े जाने के डर से उसने गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। उसने शव को नर्मदा नदी के तेज बहाव में फेंक दिया और खुद घर लौट आया। गुमशुदगी से खुला राज
29 दिसंबर को जब छात्रा का मोबाइल बंद आया और वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी सहेली से संपर्क किया। सहेली ने खुलासा किया कि वह एक दोस्त (आकाश) के साथ घूमने गई थी। परिजनों ने तत्काल कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। संदेह के आधार पर पुलिस ने आकाश को हिरासत में लिया। आत्महत्या की झूठी कहानी गढ़ी
शुरुआती पूछताछ में आरोपी आकाश पुलिस को गुमराह करता रहा। उसने कहानी सुनाई कि छात्रा ने खुद नर्मदा पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि, बार-बार बयान बदलने और मनगढ़ंत कहानियों के कारण पुलिस का शक गहरा गया। एसडीओपी जितेंद्र पाठक और टीआई कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। SDERF ने दो दिन बाद बरामद किया शव
पुलिस ने SDERF की टीम के साथ नर्मदा नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। दो दिनों की तलाश के बाद बुधवार को ग्राम रंढाल के पास नदी किनारे छात्रा का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट (शॉर्ट पीएम) में रेप और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (रेप), 103 (हत्या) और 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


