नरसिंहपुर जिले में 19 साल की युवती से रेप का मामला सामने आया है। बचने के लिए भागने के दौरान वह 15 फीट ऊंची छत से नीचे जा गिरी। आरोप पड़ोसी के रिश्तेदार पर है। वारदात करेली थाना इलाके में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की है। पीड़िता को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पहले खबर आई थी कि चार आरोपियों ने गैंगरेप के बाद युवती को छत से फेंक दिया। इसके बाद एएसपी संदीप भूरिया ने बताया- पीड़िता के मुताबिक, रात 10 से 11 बजे के बीच आरोपी उसके घर में घुसा। डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता बचने के लिए छत पर भागी। इसी दौरान हड़बड़ी में नीचे आ गिरी। हालांकि युवती के दादा ने उसे छत से फेंकने का ही आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का हवाला देकर आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया। घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठन ने शाम को रैली निकाली। करेली थाने के बाहर नारेबाजी भी की। संगठन ने आरोपी का घर बुलडोजर से ढहाने की मांग की। वहीं, समाज के लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दादा बोले- गलत काम कर छत से फेंका
युवती के दादा ने बताया कि उसके माता-पिता और दादी महाकुंभ में गए हुए हैं। आरोपी पड़ोस में शादी में आया था। उसने लड़की को उठा ले जाकर गलत काम किया। दादा का आरोप है कि गलत काम करने के बाद लड़की को छत से फेंक दिया। दादा ने बताया कि गिरने के बाद जब लड़की चिल्लाई तो हम घटनास्थल पर पहुंचे, देखा तो वह अचेत हालत में पड़ी हुई थी। हमने डायल 100 को फोन किया। पुलिस के आने के बाद लड़की को इलाज के लिए नरसिंहपुर भेजा है। वारदात को लेकर ये है पुलिस की कहानी पुलिस बोली- पीड़िता ने एक ही आरोपी बताया
घटना को लेकर पुलिस की कहानी परिवार के बयानों से अलग है। डीएसपी मनोज गुप्ता के मुताबिक पीड़िता ने बताया है कि सोमवार रात पड़ोसी ने घर में घुसकर बलात्कार किया। खुद को बचाने के लिए वह छत से कूद गई जो करीब 18 फीट ऊंची है। उसे कमर और पैरों में गंभीर चोट आई है। युवती जिस छत से कूदी या गिरी वह आरोपी के रिश्तेदार की है। डीएसपी के मुताबिक महिला अधिकारी ने पीड़िता से पूछताछ की है, जिसमें उसने एक ही आरोपी का नाम बताया, जो पलोहाबड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम लिलवानी का रहने वाला है और अपने रिश्तेदार के यहां शादी में आया था। अन्य लोगों से भी घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की गई है। पीड़िता की हालत फिलहाल ऐसी नहीं है कि उससे अधिक पूछताछ की जा सके। शुरुआती जांच और जानकारी के आधार पर कार्रवाई चल रही है। मौके का निरीक्षण कर परिजन से भी पूछताछ की गई है। पीड़िता के दादा बोले- उसने 4 के नाम बताए
पीड़िता के दादा ने बताया कि बेटे-बहू प्रयागराज गए हुए थे। पोता मेन रोड पर स्थित दुकान में सो रहा था। घर के अलग-अलग कमरों में बाकी लोग थे। पोती भी अलग कमरे में अकेली थी। तभी मौका पाकर पड़ोस में शादी में आया युवक उसे बहला-फुसलाकर काम के बहाने अपने रिश्तेदार के घर की छत पर ले गया। यहां उसने गलत काम किया। लड़की के छत से नीचे गिरने और उसके चिल्लाने की आवाज आने पर सभी लोग पहुंचे और उसे उठाकर लाए। पीड़िता के दादा के अनुसार लड़की ने चार लोगों के नाम बताए हैं। SC का हवाला देकर आरोपी का नाम छिपाया
मामले में आरोपी का नाम ये कहकर छिपाया जा रहा है कि इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन है। हालांकि जब डीएसपी मनोज गुप्ता को बताया गया कि गाइडलाइन के अनुसार पीड़िता का नाम, पता, रिश्तेदारों समेत अगर आरोपी भी परिवार का हो, तो नाम उजागर नहीं हो सकता है। इस पर उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी हो जाने दीजिए। बाइक सर्विसिंग का काम करता है आरोपी
करेली थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि आरोपी युवक नरसिंहपुर जिले के पलोहा थाना क्षेत्र के लिलवानी गांव का रहने वाला है। गाडरवारा में शक्कर नदी पुल के पास बाइक की सर्विसिंग का काम करता है। ये खबर भी पढ़ें… 11 साल की रेप पीड़िता की 6 दिन बाद मौत राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में रेप का शिकार 11 साल की मूक-बधिर बच्ची आखिर जिंदगी की जंग हार गई। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में 6 दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, उसका प्राइवेट पार्ट बुरी तरह डैमेज था। इलाज के दौरान वह होश में आई, मगर कुछ बोल नहीं सकी। पढ़ें पूरी खबर…


