11वीं की नाबालिग छात्रा से रेप और ब्लैकमेलिंग के आरोपी ओसाफ (19) पर कोर्ट में वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस उसकी रिमांड मांगने के लिए उसे लेकर कोर्ट पहुंची थी। दो दिन की रिमांड मिलने पर पुलिस उसे साथ ले जाने लगी, तभी वकीलों ने उसे घेर लिया। पुलिस ने बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वकीलों ने उस पर जमकर लात-घूूंसे बरसाए। बाद में पुलिस किसी तरह उसे साथ लेकर निकली। पुलिस के मुताबिक ओसाफ ने छात्रा की सहेली के जरिये उससे दोस्ती बनाई थी। इसके बाद एक दिन वह उसे शहर घुमाने के नाम पर अपने साथ खानूगांव ले गया और कार के अंदर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर ओसाफ उसे दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। छात्रा ने उसका नंबर ब्लॉक किया तो उसने छात्रा के एक दोस्त को भी वीडियो दिखाया। एक लाख की डिमांड कर रहा था, 40 हजार वसूले पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कार में रेप के दौरान छात्रा का अश्लील वीडियो बना लिया था। पीड़िता को इसकी भनक नहीं लगी। कुछ समय बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख रुपए की मांग की। बदनामी के डर से घबराई छात्रा ने किसी तरह 40 हजार रुपए का इंतजाम कर आरोपी को दिए। वह लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहा था।


