रेलवे कबड्डी चैम्पियनशिप के फाइनल में हारी NER:SCR बनी चैंपियन, खिलाड़ी बोले- थोड़ी चूक से हारे मैच

पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ की ओर से 24 से 28 दिसम्बर 2025 तक सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में 73वीं अखिल भारतीय रेलवे (पुरुष) कबड्डी चैम्पियनशिप-2025 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 28 दिसम्बर को फाइनल मुकाबले के साथ चैम्पियनशिप का समापन हुआ। फाइनल मैच में दक्षिण मध्य रेलवे की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे की टीम को 48-26 के बड़े अंतर से हराकर चैम्पियनशिप अपने नाम की। इस तरह पूर्वोत्तर रेलवे की टीम उपविजेता रही। वहीं तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में मध्य रेलवे ने इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) की टीम को 39-29 से पराजित किया। फाइनल मैच के दौरान दक्षिण मध्य रेलवे की ओर से नितेश कुमार, नितिन सिंह, नरेन्द्र, रोहित और सुमित ने बेहतरीन खेल दिखाया। वहीं पूर्वोत्तर रेलवे की टीम से कप्तान सुनील कुमार के साथ प्रवेश, रोहित गुलिया, सुरेन्द्र गिल, आशीष नागर, हिमांशु और कर्मवीर ने जोरदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं नरसा के संरक्षक उदय बोरवणकर ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नरसा के अध्यक्ष अभय कुमार गुप्ता, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी और पूर्वांचल के कबड्डी प्रेमी मौजूद रहे। इससे पहले 28 दिसम्बर को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पूर्वोत्तर रेलवे ने कड़े संघर्ष में मध्य रेलवे को 37-24 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण मध्य रेलवे ने इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) को 51-28 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। चैम्पियनशिप के सफल आयोजन पर नरसा के महासचिव पंकज कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर की 17 रेलवे टीमों के 350 से अधिक खिलाड़ी, कोच, रेफरी और अधिकारी शामिल हुए। सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। साथ ही स्थानीय और उभरते कबड्डी खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे कबड्डी टीम के पूर्व कोच एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी स्वर्गीय सुशील यादव को भी याद किया गया। उनकी आत्मा की शांति के लिए महाप्रबंधक सहित उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *