लुधियाना | रेलवे पुलिस ने लुधियाना रेलवे स्टेशन और आसपास सक्रिय चोरी-लूट गिरोहों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, नकदी, कीमती सामान और हथियार बरामद किए गए हैं। पहला मामला 22 जनवरी को दर्ज हुआ था, जब सफर के दौरान एक यात्री के डायमंड की चूड़ी, मोबाइल फोन, 6 हजार रुपए नकद और अन्य सामान चोरी हो गया था। इस मामले में जीआरपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 फरवरी को तीन आरोपियों अजीत मिश्रा उर्फ लब्बू, कमल कुमार उर्फ मंगू और सौरव को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से 15 मोबाइल फोन, चोरी की डायमंड चूड़ी का टुकड़ा, चोरीशुदा पर्स और आईडी प्रूफ बरामद किए गए। दूसरी कार्रवाई 2 फरवरी को रेलवे स्टेशन क्षेत्र में चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस टीम ने स्टेशन के आउटर सिग्नल और माल गोदाम के पास लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों अकबर खान और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को काबू किया। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद हुआ। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। रेलवे पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशन और आउटर क्षेत्रों में चेकिंग अभियान और सख्त किया गया है।


