रेलवे स्टेशन पर बनेगा 4 नंबर प्लेटफार्म द्वितीय प्रवेशद्वार से एंट्री कर सकेंगे यात्री

भास्कर न्यूज | बारां शहर स्थित बारां रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना में कार्य किए जा रहे हैं। इसमें चार नंबर के नए प्लेटफार्म का निर्माण शुरू हो गया है। यात्री प्लेटफार्म नंबर 1 के साथ द्वितीय प्रवेश द्वार से प्लेटफार्म नंबर 4 पर भी प्रवेश कर सकेंगे। द्वितीय प्रवेश द्वार पर सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, लाउंज, वेटिंग रुम समेत आदि सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार वर्तमान में बारां स्टेशन पर 3 प्लेटफार्म हैं। इसमें प्लेटफार्म नंबर 1 की लंबाई काफी कम होने से लंबी ट्रेनों का ठहराव नहीं किया जाता है। प्लेटफार्म नंबर 2 व 3 मेन लाइन पर है। यहां पर ट्रेन का ठहराव होने से दूसरी ट्रेन पास नहीं हो सकती है। अब प्लेटफॉर्म नंबर 4 का निर्माण होने से यात्रियों को आवश्यक सुविधाओं के साथ ट्रेनों का संचालन समुचित रूप से हो सकेगा। साथ ही आगामी दिनों में सोगरिया से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन को बारां तक बढ़ाने की संभावना है। वर्तमान में यहां के दोनों प्रमुख प्लेटफार्म मेन लाइन पर होने से इस ट्रेन का ठहराव ज्यादा देर तक नहीं हो सकता है। ऐसे में प्लेटफॉर्म नंबर 4 के निर्माण के बाद इस ट्रेन को लूप लाइन से संचालित किया जा सकेगा। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को लेकर भी स्टेशन पर विस्तार हो रहा है। यहां पर एक फुट ओवरब्रिज भी बनकर तैयार हो गया है। यह द्वितीय प्रवेशद्वार के सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफार्म नंबर 2 व 3 से होकर प्लेटफार्म नंबर-1 को जोड़ता है। इस पर दिव्यांगों की सुविधा को देखते हुए रैंप का निर्माण किया गया है। साथ ही एक और नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। इसको लेकर रेलवे अधिकारियों द्वारा तैयारियां की जा रही है। बारां रेलवे स्टेशन पर द्वितीय प्रवेश द्वार शुरू होने से शहर की 40 फीसदी आबादी को फायदा मिल सकेगा। वर्तमान में रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 1 से चारमूर्ति चौराहा की तरफ से एंट्री होती है। इस दौरान तेल फैक्ट्री से स्टेशन जाते समय बीच में रेलवे फाटक पड़ता है। कई बार फाटक बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारां स्टेशन पर करीब 23 करोड़ रुपए से अमृत कलश योजना के तहत बारां स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। स्टेशन के पीछे बनाए गए द्वितीय प्रवेशद्वार पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *