रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देर रात विजिलेंस की रेड के दौरान हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान टीम को देखकर मौके पर तैनात दो टीटीई ने भागने की कोशिश की जिन्हें सस्पैंड कर दिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के मुताबिक रेलवे विजिलेंस टीम को मौके पर मौजूद तीन टीटीई की टीम पर संदेह हुआ, जिसके बाद उनकी निगरानी शुरू की गई। बताया जाता है कि एक टीटीई मौके पर ही रुक गया, जबकि दो अन्य स्टेशन परिसर से बाहर की ओर भागने लगे। विजिलेंस टीम ने उन्हें पीछा कर दबोचा। सूत्रों के अनुसार स्टेशन के पास डिप्टी स्टेशन डायरेक्टर की बिल्डिंग के निकट एक अधिकारी ने तेजपाल सिंह नामक टीटीई को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोप है कि उसने अपने पास से पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु निकालने की कोशिश की, जिसे अधिकारी ने तुरंत छीन लिया। इस भिड़ंत के दौरान तेजपाल सिंह वहां से फरार हो गया। बाद में उसे निलंबित कर दिया गया। दूसरा टीटीई महिंदर सिंह, जो मौके से भागा था, को भी विभागीय कार्रवाई के तहत सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग ने नहीं की पिस्तौल मिलने की पुष्टि टीटीई से पिस्तौल मिलने को लेकर रेलवे की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। रेलवे और जीआरपी सूत्रों के मुताबिक टीटीई से बरामद वस्तु को एक टॉय गन बताया जा रहा है। हालांकि यह सवाल तब भी शेष है कि ड्यूटी पर मौजूद टीटीई अपने पास खिलौना पिस्टल क्यों रखे हुए था और विजिलेंस टीम को देखकर भागने की जरूरत क्यों पड़ी। फिलहाल मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे विजिलेंस दोनों कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस संबंध में फिरोजपुर डिवीजन के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर परमदीप सिंह सैनी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


