भास्कर न्यूज | जांजगीर पुलिस ने रेलवे स्टेशन से मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी पंकज सोनी उर्फ बुलुट सोनी (23 वर्ष), पिता दिलीप सोनी, निवासी ग्राम मल्हार, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) सहित बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार 24 जनवरी की मध्यरात्रि उपनिरीक्षक बी.एल. कोसरिया, आरक्षक राम भरोसे एवं रमेश भारद्वाज रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। रात करीब 1 बजे स्टेशन के पास एक संदिग्ध युवक को देख पुलिस ने पूछताछ की, जिस पर वह छिपने का प्रयास करने लगा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल मिला। थाना लाकर पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की। मोबाइल के वास्तविक स्वामी शिव बंधी, निवासी अकलतरा ने बताया कि 24 जनवरी की रात वह प्लेटफार्म नंबर 2 पर ड्यूटी के दौरान प्रतीक्षालय में आराम कर रहा था, तभी उसका लगभग 11 हजार रुपये मूल्य का विवो मोबाइल चोरी हो गया। मामले में अपराध क्रमांक 52/25 दर्ज कर आरोपी को 25 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।


