हरियाणा के रेवाड़ी में संस्कृत टीचर को डिजिटल अरेस्ट कर ठगने वाला गिरफ्तार हुआ है। आरोपी ने टीचर से 4 लाख 18 हजार 999 रुपए ठगे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान में झुंझनू जिले के गांव ढाणी नवोडी (हरिपुरा) निवासी आशीष मिठारवाल के रूप में हुई हैं। साइबर थाना पुलिस के अनुसार जाहिदपुर गांव निवासी सुधीर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह संस्कृत टीचर है। 7 जनवरी को उनके मोबाइल पर किसी मोहित हांडा नाम के एक व्यक्ति का फोन आया और उसने बताया कि किसी कृष्ण गुप्ता नाम के व्यक्ति ने मुंबई में उसकी आईडी पर उनके नाम से बैंक खाता खोल कर मनी लॉन्ड्रिंग की है और करीब 68 लाख 50 हजार रुपए जमा कराए हैं। वह अभी सीबीआई की गिरफ्त में है। आरोपी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने उसे भी डिजिटल अरेस्ट किया है। व्हाट्सएप पर भेजा अरेस्ट फर्जी ऑर्डर
आरोपी ने उसे व्हाट्सएप पर डिजिटल अरेस्ट का ऑर्डर भी भेजा। इसके बाद आरोपी ने उसे एक यूपीआई आईडी भी भेजी और 16 हजार रुपए जमा करने के लिए कहा, जो डर के कारण उसने पैसे जमा करा दिए। आरोपी ने डरा धमका कर उससे विभिन्न ट्रांजैक्शन के जरिए 4 लाख 18 हजार 999 रुपए जमा करा लिए। इसी दौरान उसका एक साथी के घर आ गया तो उसने हकीकत बताई। बैंक खाते के जरिए पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पता लगा कि साइबर ठगी में राजस्थान के जिला झुंझुनू के गांव ढाणी नवोडी (हरिपुरा) के रहने वाले आशीष मिठारवाल का बैंक खाता भी प्रयोग किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपी राजस्थान के जिला झुंझुनू के गांव ढाणी नवोडी (हरिपुरा) निवासी आशीष मिठारवाल को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया।


