रैन बसेरे का प्राधिकरण सचिव यादव ने किया निरीक्षण:धौलपुर में मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव ने शुक्रवार को धुलकोट रोड स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के सदस्य सचिव के निर्देशानुसार और जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो के मार्गदर्शन में किया गया। सचिव रेखा यादव ने सर्दी से बचाव के लिए रैन बसेरे में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने कंबल, रजाई, गद्दे, स्वच्छ पेयजल, पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग ठहरने की व्यवस्था और शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने रैन बसेरे में आने वाले व्यक्तियों की जानकारी के लिए संधारित एंट्री रजिस्टर की जांच की और प्रविष्टियों को सत्यापित किया। सचिव ने पूर्व निरीक्षण में पाई गई कमियों की समीक्षा की, जिसमें पर्दे लगाए जाने की पालना संतोषजनक पाई गई। उन्होंने गद्दे, रजाई और तकियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। रसोईघर के निरीक्षण के दौरान तीन व्यक्ति भोजन करते हुए मिले। इंचार्ज ने बताया कि एक व्यक्ति रैन बसेरे में रहता है और मजदूरी करता है, जबकि अन्य दो इंदिरा रसोई से भोजन करने आए थे। सचिव ने उपस्थित व्यक्तियों से उनके रहने, खाने और किसी भी मेडिकल समस्या के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एक महिला रैन बसेरे में भोजन बनाती मिली, वहीं एक बालिका पढ़ाई कर रही थी। महिला ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह-शाम लगभग 50-50 लोगों के लिए भोजन तैयार करती है, जिसमें से निरीक्षण के समय तक 15 लोग भोजन कर चुके थे। पेयजल व्यवस्था के संबंध में इंचार्ज ने बताया कि नगर परिषद द्वारा प्रतिदिन आरओ का पानी कैंपर के माध्यम से भिजवाया जाता है। सचिव ने रसोईघर और शौचालयों का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर केयर टेकर इंचार्ज विशाला उपाध्याय और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टेनो राहुल डंडोतिया उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *