गुमला में रविवार की शाम हुए हत्याकांड का सीसीटीवी सामने आया है। रांची-गुमला मेन रोड में जाजोदिया स्टोर के मालिक और जाने-माने व्यवसायी विनोद जाजोदिया की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, विनोद जाजोदिया अपनी दुकान के सामने सड़क पार कर ब्रेड खरीदने जा रहे थे। तभी पीछे से एक युवक ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया। लेकिन भरनो के पास ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुरानी रंजिश के शिकार हुए व्यवसायी पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे 2023 में हुई एक चोरी को लेकर चले आ रहे पुराने विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। घटना के समय वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने अपराधी को रोकने या पुलिस को सूचना देने की हिम्मत नहीं की। यहां तक कि परिजन भी पहले इसे दुर्घटना समझते रहे। बाद में घर के सीसीटीवी फुटेज की जांच में हत्या की पुष्टि हुई और तीन अपराधियों की संलिप्तता सामने आई। दो अपराधी रेकी कर रहे थे, एक ने घटना को दिया अंजाम सीसीटीवी में स्पष्ट दिख रहा है कि एक युवक वारदात को अंजाम दे रहा था, जबकि दो अन्य रेकी कर रहे थे। घटना के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए। कुछ स्थानीय लोगों ने विनोद को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने बताया कि मामूली विवाद में इस तरह की हत्या होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आरोपी स्थानीय युवक हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। एक की गिरफ्तारी हो चुकी है। दो की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। गुमला के व्यवसायियों में भारी आक्रोश इस घटना के बाद गुमला के व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। व्यवसायियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने बताया कि रविवार को विनोद के बेटे गोविंद जाजोदिया ने सीएस परीक्षा पास की थी। घर में खुशी का माहौल था, जो शाम होते-होते मातम में बदल गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहन छानबीन जारी है।


