रोजगार मेला–2025 और क्रिसमस-पर्व पर जयपुर में बदला ट्रैफिक सिस्टम:जवाहरलाल मार्ग, मालवीय नगर व गौरव टॉवर क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू

आज जयपुर में एक ओर राज्य स्तरीय रोजगार मेला–2025 का आयोजन, वहीं दूसरी ओर क्रिसमस पर्व के अवसर पर शहर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने जवाहरलाल मार्ग, गांधी सर्किल, बजाज नगर, मालवीय नगर और गौरव टावर क्षेत्र में विशेष यातायात प्रबंध लागू किए हैं। यातायात दबाव को नियंत्रित रखने और आमजन की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, रोजगार मेले के दौरान यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में गांधी सर्किल से बजाज नगर तिराहा की ओर जाने वाला सामान्य यातायात गांधी नगर मोड़ होते हुए टोंक रोड अथवा रॉयल्टी तिराहा से झालाना मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। इसी तरह बजाज नगर से गांधी सर्किल की ओर जाने वाले वाहन बजाज नगर थाना मार्ग और लवण मार्ग से होकर गुजरेंगे। आवश्यकता पड़ने पर पैदल मार्ग और न्याय पथ पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से बंद किया जा सकेगा। इसके अलावा जे.डी.ए. चौराहा से बजाज नगर चौराहा, बजाज नगर चौराहा से टोंक पुलिया, रामबाग चौराहा से किसान मार्ग तक टोंक रोड, गांधी नगर मोड़ से गांधी सर्किल और रॉयल्टी तिराहा तक और जवाहर कला केंद्र के पीछे की सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित है। हालांकि जे.एल.एन. मार्ग पर गांधी सर्किल से बजाज नगर तिराहा तक आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध रखा है। वहीं क्रिसमस पर्व को लेकर गौरव टावर क्षेत्र में भी विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। जे.एल.एन. मार्ग मालवीय नगर फ्लाईओवर से गौरव टावर की ओर जाने वाले वाहनों को हनुमान जी मंदिर मोड़ से पुलिया के पास होते हुए रेलवे लाइन के पास से डी-ब्लॉक मालवीय नगर की ओर भेजा जाएगा। डी-ब्लॉक मालवीय नगर से आने वाले वाहन गौरव टावर के सामने से जे.एल.एन. मार्ग पर आ सकेंगे, लेकिन वे रेलवे लाइन के पास से हिम्मत नगर पुलिया की ओर नहीं जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने बताया- मालवीय नगर फ्लाईओवर से आने वाले वाहनों को गौरव टावर के सामने होते हुए डी-ब्लॉक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं जयपुरिया अस्पताल और जवाहर सर्किल की ओर से आने वाले वाहन मालवीय नगर फ्लाईओवर के नीचे से जी.टी. सेंट्रल के पास होते हुए रेलवे लाइन के पास से डी-ब्लॉक मालवीय नगर की ओर जा सकेंगे। वर्ल्ड ट्रेड पार्क की दिशा से गौरव टावर की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पर रोक रहेगी, जबकि आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को इन प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 25 दिसंबर को इन आयोजनों के दौरान असुविधा से बचने के लिए ऑप्शनल मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *