भास्कर न्यूज | गिरिडीह रोटरी गिफ्ट ऑफ लाइफ कार्यक्रम के अंतर्गत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के निःशुल्क इलाज हेतु दो दिवसीय मेगा स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर रोटरी गिरिडीह द्वारा अमृता हॉस्पिटल कोच्चि, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन गिरिडीह, एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया तथा इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन के सहयोग से शहर के रोटरी नेत्र चिकित्सालय में आयोजित हुआ। कैंप के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के निदेशक शशि प्रकाश झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सिविल सर्जन गिरिडीह डॉ. शेख मो. जफरुल्लाह शामिल हुए। कैंप के प्रथम दिन झारखंड के विभिन्न जिलों से आए कुल 77 बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 28 बच्चों का चयन हृदय ऑपरेशन हेतु किया गया। शिविर में प्रारंभिक जांच गिरिडीह के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्यामल कुमार, डॉ. राम रतन केडिया, डॉ. संजीव एच. कुमार एवं डॉ. राकेश कुमार ने की। इसके बाद अमृता हॉस्पिटल कोच्चि से आए डॉ. ब्रजेश पी.के. एवं डॉ. निशांत ने इको मशीन के माध्यम से विस्तृत जांच कर ऑपरेशन हेतु बच्चों का चयन किया। कैंप के सफल आयोजन में गिफ्ट ऑफ लाइफ के समन्वयक एवं रोटरी के पूर्व जिलापाल शिव प्रकाश बगड़िया, रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष पीयूष मुसद्दी, आईएमए गिरिडीह अध्यक्ष डॉ. रियाज अहमद, इनर व्हील क्लब अध्यक्ष कविता राजगढ़िया सहित नंदन दारुका, डॉ. मोहम्मद आजाद, राजेंद्र बगड़िया, प्रकाश सहाय, प्रदीप डालमिया, देवेंद्र सिंह, गुरुप्रीत सिंह, रोहित जैन, हर्ष केडिया, दिलीप जैन, जगजीत सिंह, अमित गुप्ता, प्रशांत बगड़िया, अभिषेक जैन, पूनम सहाय, डॉ. तारक नाथ देव, आशीष तर्वे समेत अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


