रोडवेज बस ड्राइवर ने यात्री के सिर पर पाइप से हमला कर दिया। यह घटना रविवार रात्रि बूंदी से जयपुर आ रही एक बस में हुई, जिसमें यात्री दिमांशु सैन लहूलुहान हो गया। जानकारी के अनुसार, मत्स्य नगर डिपो की यह बस झालावाड़ से अलवर जा रही थी। बस में अनुबंधित चालक विनोद कुमार और परिचालक प्रदीप कुमार मौजूद थे। यात्री दिमांशु सैन बूंदी से बस में सवार हुए थे और उन्हें दुर्गापुरा उतरना था। सांगानेर पुलिया के पास दिमांशु अपनी सीट से उठकर गेट के पास आए और चालक विनोद से बस रोकने को कहा। चालक ने बस नहीं रोकी। जब यात्री ने दोबारा बस रोकने के लिए कहा, तो चालक विनोद ने चिल्लाते हुए पाइप से उस पर हमला कर दिया। हमले में यात्री दिमांशु सैन गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बावजूद, चालक ने बस को एसएमएस अस्पताल के पास नहीं रोका। बस को सीधे सिंधी कैंप बस स्टैंड ले जाकर रोका गया। सिंधी कैंप बस स्टैंड पर ड्यूटी ऑफिसर ने घायल यात्री दिमांशु सैन का इलाज करवाया। यह घटना अनुबंधित स्टाफ द्वारा यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार के मामलों को उजागर करती है। मामले में दोनों पक्ष सिंधी कैंप थाना पहुंचे। थाना प्रभारी माधो सिंह ने बताया- बस ड्राइवर और यात्री में बीच में उतरने को लेकर झड़प हुई थी। इस पर दोनों में कहासुनी झगड़े मे बदल गई और यात्री दिमांशु पर पाइप से सिर पर चोट आई थी। घटना के बाद पीड़ित यात्री और उनके परिजन, बस ड्राइवर, परिचालक थाना परिसर पहुंचे थे। जहां दोनों पक्षों ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहने के संबंध में लिखित में पत्र दिया।


