आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक एम्बुलेंस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के दो जवानों की मौत हो गई। जवान राजू बाल्मीकि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे जवान ने दोपहर में अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मृतक की पत्नी सहित चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना घाटीगांव वन चौकी के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जांच के बाद ट्रक को जब्त कर लिया है। एमपी के शिवपुरी से बीमार जवानों को एम्बुलेंस में लेकर आईटीबीपी (इंडियन-तिब्बत बॉर्डर फोर्स) के कुछ जवान ग्वालियर आ रहे थे। एम्बुलेंस चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। बुधवार सुबह जैसे ही एम्बुलेंस वन चौकी घाटीगांव के सामने पहुंची, वह हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां आईटीबीपी के 40 वर्षीय जवान राजू बाल्मीकि को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में राजू की पत्नी 35 वर्षीय सविता, 36 वर्षीय मनोज पुत्र विनोद कुमार शर्मा, 35 वर्षीय रामकिशोर पुत्र बलराम कुशवाहा, 35 वर्षीय विमल खंगार और 34 वर्षीय दिनेश जाटव घायल हो गए। सभी घायलों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बुधवार शाम को घायल जवान मनोज शर्मा ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। एम्बुलेंस सवार सभी जवान थे बीमार
एम्बुलेंस में सवार सभी पांच जवान अलग-अलग कारणों से बीमार थे। सभी को ITBP शिवपुरी से ग्वालियर इलाज के लिए भेजा जा रहा था। पर हाईवे पर एम्बुलेंस चालक की रफ्तार के चलते यह हादसा हुआ। दो की मौत हो चुकी है और शेष चार की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एम्बुलेंस चालक मामूली घायल है और बच गया है। उसने हादसे के समय चालाकी दिखाते हुए अपनी साइड को बचा लिया था। कोहरा के चलते नहीं दिखा ट्रक
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर कोहरा अधिक था, जिस कारण तेज रफ्तार में आ रही एम्बुलेंस के ड्राइवर को हाईवे पर खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और यह भिड़ंत हो गई। जबकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि एम्बुलेंस चालक की झपकी लगने से यह हादसा हुआ है। ग्वालियर एएसपी सुमन गुर्जर ने बताया- सड़क हादसे में दो आईटीबीपी जवानों की मौत हुई है। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। जिनका ग्वालियर जेएएच में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


