रोड पर धूल से व्यापार पर असर; चक्काजाम

भास्कर न्यूज | राजिम शहर के शिवाजी चौक फिंगेश्वर मार्ग के व्यापारी भाइयों ने नवनिर्मित सड़क से उड़ती धूल की समस्या को लेकर मंगलवार को फिंगेश्वर रोड पर चक्काजाम कर दिया। सभी व्यापारियों की एक ही मांग थी- नई बनी सीसी रोड को धूल मुक्त किया जाए, ताकि दुकानदारों, ग्राहकों एवं राहगीरों को हो रही भारी परेशानी से निजात मिल सके। जैसे ही चक्काजाम की सूचना प्रशासन को मिली, तहसीलदार मयंक अग्रवाल, थाना स्टाफ एवं आरपीयू के अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी प्रकाश शर्मा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों से चर्चा कर उन्हें आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर सड़क को धूल मुक्त करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नगरवासियों की लंबे समय से मांग पर इस मार्ग पर नई सीसी रोड बनाई गई है और दोनों ओर मुरुम डाली गई है। चक्काजाम करीब आधे घंटे रही। रोड की दोनों ओर इसी मुरुम के कारण वाहनों के गुजरते ही भारी मात्रा में धूल उड़ रही है, जो दुकानों के भीतर तक पहुंच रही है। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा था और ग्राहकों को भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं। व्यापारियों ने कहा कि रोज़ाना धूल से दुकानों का सामान खराब हो रहा है, स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। प्रशासन के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने चक्काजाम समाप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *