रोड-रेज के विवाद में हत्या…5 आरोपी गिरफ्तार:चाकूबाजी होने पर गाड़ी चढ़ाकर आरोपियों ने कुचला था, दो अभी भी फरार; तलाश में जुटी पुलिस

अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में 15 जनवरी 2026 को हुए सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों का नाम डिलेश मंडावी, लिलेश उर्फ लालू सेन , दुर्गेश साहू, मनीष साहू और चंद्रशेखर साहू उर्फ शेखर बताया जा रहा है। आरोपियों के फरार साथियों की तलाश पुलिस कर रही है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला 15 जनवरी को अभनपुर इलाके में रोड-रेज (गाड़ी चलाने पर हाथापाई) का विवाद हुआ था। पुलिस की जांच में सामने आया है, कि कैलाश तिवारी अपने दोस्तों के साथ एक्टिवा का पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण वाहन को धक्का देकर पेट्रोल पंप की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान अभनपुर की ओर से रॉन्ग साइड में आ रही इनोवा कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब युवकों ने चालक को लापरवाही से गाड़ी चलाने की बात कही, तो कार सवारों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। कुछ देर के भीतर विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों में हाथ-मुक्के, पत्थर और चाकू तक चले। इसी दौरान कुछ आरोपी वहां से भागे, लेकिन थोड़ी देर बाद दोबारा लौट आए। झगड़े के बाद सभी आरोपी इनोवा में बैठकर भागने लगे। तभी कैलाश तिवारी ने कार के सामने खड़े होकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी चालक डिलेश मंडावी ने साथियों लिलेश सेन, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू और मनीष साहू के साथ मिलकर हत्या की नीयत से कार कैलाश पर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने अपराध स्वीकारा पुलिस ने जांच के दौरान इनोवा कार (CG-04-NF-8602) को जब्त कर लिया है। पूछताछ में पांचों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी को 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *