‘रोते हुए सनी देओल बोले- पापा चले गए’:अनिल शर्मा बोले- निधन की खबर सुबह 10 बजे तक मिली; परिवार 90वें जन्मदिन की तैयारी में था

वेटरन एक्टर धर्मेंद्र का लंबे समय तक अस्वस्थ रहने के बाद 24 नवंबर को निधन हो गया। एक्टर के साथ कई फिल्में बना चुके डायरेक्टर अनिल शर्मा ने धर्मेंद्र से आखिरी मुलाकात की यादें शेयर की है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया कि धर्मेंद्र ठीक थे और उनकी बॉडी रिएक्ट भी कर रही थी। अनिल शर्मा ने विक्की लालवानी से बात करते हुए बताया- ‘मैं उनके घर गया था। वह ठीक हो गए थे। वह अपनी आंखें खोल रहे थे और हाथ भी हिला रहे थे। वह ठीक हो रहे थे और डॉक्टर कह रहे थे कि धरमजी बहुत मजबूत आदमी हैं। डॉक्टरों ने हमें आश्वासन दिया था कि वह ठीक हो जाएंगे और अस्पताल में भी ऐसा लग रहा था कि वह ठीक हो जाएंगे। लेकिन उम्र अपने रंग दिखाती है, और आप उससे लड़ नहीं सकते। सभी को उम्मीद थी, और हम सबने सोचा था कि हम 8 दिसंबर को उनका जन्मदिन मनाएंगे। हर कोई धूमधाम से इसकी तैयारी कर रहे था।’ बता दें कि 8 दिसंबर को धर्मेंद्र 90 साल के हो जाते। विक्की इंटरव्यू में अनिल से ये भी पूछते हैं कि उन्होंने धर्मेंद्र के निधन के बारे में कैसे पता चला? इस पर अनिल बताते हैं- ‘साढ़े नौ बजे के आसपास ये शायद हुआ था। दस, साढ़े दस बजे मेरी सनी सर से बात हुई थी। हर पुत्र रोएगा ही कि पापा चले गए। हमारे लिए ये बहुत दुख भरी खबर थी। साढ़े दस बजे तक मुझे उनके निधन की खबर पता चल गई थी।’ अनिल ने धर्मेंद्र और उनके दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल के साथ कई फिल्में बनाई हैं। धर्मेंद्र के अनिल ने साल 1987 में फिल्म हुकूमत (1987) में डायरेक्टर किया। बाद में दोनों ने एलान-ए-जंग, फ़रिश्ते और तहलका में साथ काम किया। साल 2007 में अनिल शर्मा फिल्म ‘अपने’ के जरिए तीनों देओल को बड़े पर्दे पर साथ लेकर आए थे। आज भी फिल्म और उसके गानों को खूब पसंद किया जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *