रूपनगर (रोपड़) जिले में नंगल की मेन मार्केट से एक कपड़ा व्यापारी के अपहरण का प्रयास किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारी को सुरक्षित बचा लिया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना सोमवार रात करीब 8 बजे हुई, जब कपड़ा व्यापारी गुलशन अरोड़ा दूध लेने निकले थे। उनके घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। मार्केट में लगे सीसीटीवी फुटेज में उन्हें कुछ लोगों द्वारा एक सफेद स्विफ्ट कार में जबरन ले जाते हुए देखा गया। तलाश के दौरान, बरमाला के पास एक सफेद स्विफ्ट कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। कार के अंदर एक युवक नशे की हालत में था, जबकि पीछे की सीट पर व्यापारी डरे हुए मिले। पुलिस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर भागा एक आरोपी डीएसपी हरकीरत सिंह के अनुसार, मौके से एक आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया था, जबकि दूसरा फरार हो गया था। दूसरे आरोपी को मंगलवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान हमीद उर्फ हामिर और विशाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। डीएसपी ने बताया कि आरोपी मालेरकोटला और भगवानपुर इलाके से आए थे। वे पास में आयोजित एक अखाड़े (छिंझ) में भाग लेने पहुंचे थे। डीएसपी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अनजान लोगों से दूरी बनाए रखें। फिलहाल, व्यापारी सुरक्षित हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


