रोपड़ में पुलिस कांस्टेबल की मौत, दूसरा साथी घायल:कार ने मारी टक्कर; रात को गश्त कर रहे थे, आरोपी ड्राइवर फरार

रूपनगर जिले के नूरपुर बेदी क्षेत्र में रात के गश्त के दौरान हुए एक सड़क हादसे में पुलिस कांस्टेबल जसवंत सिंह की मृत्यु हो गई। उनके साथी पुलिसकर्मी सुखविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना 3 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल जसवंत सिंह और सुखविंदर सिंह अपनी निजी कार (नंबर CH-01BB-8145) में हयातपुर मार्केट से नूरपुर बेदी की ओर गश्त कर रहे थे। जब उनकी गाड़ी गांव जटपुर से आगे सत्संग घर के पास पहुंची, तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद कार (नंबर PB-12U-4266) ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कांस्टेबल जसवंत सिंह कार में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी का इलाज जारी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को गुरदेव अस्पताल, नूरपुर बेदी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जसवंत सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मी सुखविंदर सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है। टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल सुखविंदर सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक कांस्टेबल जसवंत सिंह थाना नूरपुर बेदी में तैनात थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *